सच्ची खबर, सबसे पहले

Crime

ऑपरेशन दहन के तहत 1300 किलो अवैध गांजा नष्ट, कीमत 6.50 करोड़ रुपये

प्रयागराज। ऑपरेशन दहन के तहत प्रयागराज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 क्विंटल (1300 किलोग्राम) अवैध गांजे को विधिक प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया। पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है।


पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत यह कार्रवाई कमिश्नरेट प्रयागराज की नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा) और थाना हण्डिया पुलिस द्वारा की गई। पुलिस आयुक्त एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा गंगानगर जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में अवैध मादक पदार्थ के समूल निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के अनुसार यह गांजा पूर्व में थाना हण्डिया क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 163/2025, धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत बरामद किया गया था। बरामदगी के बाद नमूनों को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) भेजा गया, जहां परीक्षण में बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई। मामले में आरोप पत्र भी न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।

ऑपरेशन दहन


माननीय न्यायालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने और एनडीपीएस एक्ट की धारा 52A के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से विनष्टीकरण की अनुमति ली गई। इसके बाद 4 जून 2026 को उच्च स्तरीय कमेटी की निगरानी में 1300 किलोग्राम गांजे को वायु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मान्यता प्राप्त ईंट-भट्ठे में जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरी कार्रवाई पारदर्शी ढंग से की गई तथा एनडीपीएस एक्ट-2022 के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, पुलिस उपायुक्त अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, सहायक पुलिस आयुक्त हण्डिया समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रयागराज पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करों के विरुद्ध कठोर एवं निर्णायक कानूनी कार्रवाई की जाती रहेगी।
Disclaimer: यह समाचार प्रयागराज पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट पर आधारित है। मामले से संबंधित सभी तथ्य पुलिस अभिलेखों एवं आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रकाशित किए गए हैं।

लेटेस्ट और विश्वसनीय खबरें सबसे पहले पाने के लिए Newstewar.com से जुड़े रहें।

वेबसाइट की नोटिफिकेशन को Allow करें, ताकि हर जरूरी अपडेट आप तक तुरंत पहुंचे।

https://newstewar.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *